कोरबा. भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक विस्तार को गति देने और पिछड़ा वर्ग समाज की भागीदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला कोरबा की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। जिलाध्यक्ष डॉ. विजय राठौर ने प्रदेश नेतृत्व की सहमति से जिला पदाधिकारियों, जिला कार्यकारिणी तथा मंडल अध्यक्षों के नामों का ऐलान किया। नई टीम के गठन को संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जारी सूची के अनुसार यह घोषणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष अशोक साहू के अनुमोदन तथा भाजपा कोरबा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की अनुशंसा के बाद की गई है।
घोषित नई टीम में सक्रिय कार्यकर्ता मुकेश जायसवाल को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अजय चंद्रा और रामेश्वर सोनी को जिला महामंत्री बनाया गया है, जो संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने की भूमिका निभाएंगे।
संगठन की नीतियों, कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से जनता तक पहुंचाने के लिए पवन सिन्हा को जिला मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके सहयोग के लिए शिव शंकर जायसवाल और रवि शंकर पटेल को सह मीडिया प्रभारी बनाया गया है। संगठन ने मीडिया तंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से अनुभवी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को यह जिम्मेदारी दी है।
जिलाध्यक्ष डॉ. विजय राठौर ने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन ने जिन कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी है, उनसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी की विचारधारा तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग मोर्चा संगठन का मजबूत स्तंभ है और समाज को पार्टी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने भी नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि नई जिम्मेदारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी तथा पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार अधिक प्रभावी ढंग से होगा।
नव नियुक्त पदाधिकारियों ने प्रदेश व जिला नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।


