कोरबा. नगर पालिका निगम चुनाव में महापौर पद के लिए आरक्षण प्रक्रिया आज पूर्ण हो गई। इस बार कोरबा महापौर पद सामान्य महिला श्रेणी के लिए आरक्षित किया गया है। आरक्षण तय होने के बाद अब दावेदारों के नाम सामने आने लगे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व महामंत्री एवं भारतीय खाद्य निगम के सदस्य नवीन पटेल की धर्मपत्नी कल्पना नवीन पटेल ने भी महापौर पद के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है। गौरतलब है कि इससे पहले हुए चुनाव में भी उन्होंने अपनी मजबूत दावेदारी पेश की थी, लेकिन टिकट मिलने में असफल रहीं।
इस बार, पार्टी के कार्यक्रमों और चुनावी गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए, पार्टी द्वारा उन्हें महापौर पद की जिम्मेदारी सौंपने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। अब सभी की नजरें भारतीय जनता पार्टी के फैसले पर हैं कि क्या पार्टी कल्पना नवीन पटेल को इस महत्वपूर्ण पद के लिए चुनती है।
महापौर पद की दौड़ में अन्य दावेदारों की भी चर्चा हो रही है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि कोरबा की जनता को नेतृत्व प्रदान करने का अवसर किसे मिलता है।