कोरबा, 9 सितंबर 2025. श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा में छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती समारोह सप्ताह की शुरुआत एक विशेष परिचर्चा कार्यक्रम से हुई। “छत्तीसगढ़ के पच्चीस वर्षों की विकास यात्रा” विषय पर आधारित इस कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय शिक्षण समिति के अध्यक्ष श्री सुनील जैन तथा प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार झा के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना एवं राज्यगीत के साथ हुआ। प्राचार्य डॉ. झा ने विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ने का संदेश देते हुए उनके संरक्षण हेतु प्रेरित किया।

मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित श्री हेमंत माहुलिकर (प्रदेश महामंत्री, संस्कार भारती) एवं श्री विवेक लांडे (सेवानिवृत्त प्राचार्य, स्वामी आत्मानंद विद्यालय) ने अपने सारगर्भित विचार रखे। श्री माहुलिकर ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपराओं, जनजातीय जीवन शैली और लोक कलाओं की महत्ता पर प्रकाश डाला तथा युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। वहीं, श्री लांडे ने छत्तीसगढ़ के गठन से पूर्व मध्यप्रदेश के अधीन इसकी सामाजिक-राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की और वर्तमान में राज्य सरकार द्वारा लागू योजनाओं जैसे पीएम श्री और CHALK की जानकारी दी।

परिचर्चा में महाविद्यालय की छात्राओं ने भी सक्रिय भागीदारी दिखाई। बीएड प्रशिक्षार्थी निकिता, निवेदिता, अभिषेक, स्मिता, पूर्णिमा, पूनम, संस्कृति, अन्नु, आकांक्षा, मनीषा एवं ज्योति ने छत्तीसगढ़ के इतिहास, साहित्य, शिक्षा, उद्योग, पर्यटन, पर्यावरण व संस्कृति जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का संचालन डॉली एन शंकर ने प्रशिक्षार्थियों कौशलेन्द्र, रेखा सोनी, मनीषा यादव व रीतिका झा के सहयोग से किया। धन्यवाद ज्ञापन शिक्षा संकाय प्रमुख डॉ. पी. एस. पैकरा ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री के एल साहू, श्रीमती सी एस सेंगर, डॉ. उषी बाला गुप्ता समेत समस्त प्राध्यापकों और प्रशिक्षार्थियों की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही।


