कोरबा, 12 जनवरी 2025: भारत के प्रमुख उद्योगपति और अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी पहली बार कोरबा की धरती पर कदम रखने जा रहे हैं। इस ऐतिहासिक दौरे में वह लैंको अमरकंटक पावर लिमिटेड कंपनी का निरीक्षण करेंगे और पावर प्लांट की भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा करेंगे।
गौतम अडानी का चार्टर प्लेन रविवार सुबह 10 से 11 बजे के बीच कोरबा के लैंको पहुंचेगा। इसके बाद वह सीधे लैंको अमरकंटक पावर प्लांट का दौरा करेंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य प्लांट के संचालन और उत्पादन प्रक्रिया का जायजा लेना और इसे और प्रभावी बनाने के लिए नई रणनीतियों पर चर्चा करना है। गौतम अडानी की यह यात्रा कोरबा के औद्योगिक क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस दौरान अडानी ग्रुप के चेयरमैन संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर पावर प्लांट के विस्तार और कार्यक्षमता बढ़ाने की योजना पर भी विचार करेंगे। इसके अलावा, गौतम अडानी अपने अन्य परियोजनाओं के लिए निर्धारित साइट का भी दौरा करेंगे।
इस यात्रा से न केवल लैंको अमरकंटक पावर प्लांट बल्कि पूरे कोरबा क्षेत्र के विकास को गति मिलने की उम्मीद है। अडानी ग्रुप का यह कदम क्षेत्रीय रोजगार और ऊर्जा क्षेत्र में नई संभावनाओं को जन्म दे सकता है।