कटघोरा (कोरबा). कृषि विज्ञान केंद्र, कटघोरा में भगवान बलराम जयंती के अवसर पर ‘प्राकृतिक एवं गौ आधारित खेती’ पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र और कृषि महाविद्यालय कटघोरा, कृषि विभाग और भारतीय किसान संघ के सहयोग से किया गया था। कार्यशाला में प्राकृतिक खेती से जुड़े किसानों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस मौके पर भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष तारा सिंह कंवर और संघ के कोरबा प्रतिनिधि शेष नारायण पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि महाविद्यालय और अनुसंधान केंद्र कटघोरा के अधिष्ठाता डॉ. एस.एस. पोर्ते और वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं केंद्र प्रमुख डॉ. एस.के. उपाध्याय ने की। इस अवसर पर उप संचालक कृषि, डी.पी.एस. कंवर, अनुविभागीय अधिकारी कृषि, सीमा गौतम, और कई किसान भी शामिल हुए।

कार्यक्रम के अंत में प्राकृतिक और गौ आधारित खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 15 किसानों को सम्मानित किया गया और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर हल, कृषि यंत्रों और गाय का पूजन भी किया गया। मुख्य अतिथि ने किसानों को गाय के गोबर से खेती करने की सलाह दी, जिसे विज्ञान के साथ जोड़कर अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

यह जयंती प्रतिवर्ष भाद्रपद शुक्ल षष्ठी तिथि को मनाई जाती है। इस वर्ष, कार्यक्रम का ऑनलाइन शुभारंभ इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल की उपस्थिति में हुआ।